नया श्रम कानून श्रमिक विरोधी,देशभर में आंदोलन करेंगे :शर्मा
एम.के.मधुबाला
पत्रकार
नयी दिल्ली,23 नवंबर 2025 लोक समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट गौरी शंकर शर्मा ने आज कहा कि नया श्रम कानून श्रमिक विरोधी है और इसके खिलाफ आगामी 14 दिसंबर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।
श्री शर्मा यहां जंतर मंतर पर निजीकरण एवं ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ़ पार्टी द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नया श्रम कानून श्रमिकों के हितों पर कुठाराघात है,इसलिए सभी समान विचार धारा वाले दलों को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए।इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव बचन सिंह करौतिया भी मौजूद थे।
श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार के कार्यकाल में मंहगाई, बेरोजगारी,भ्रष्टाचार एवं सामाजिक समभाव समाप्त हो गया है,जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।उन्होंने कहा कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को सभी को साथ लेकर इसके खिलाफ सड़कों पर उतरना चाहिए।
उच्च न्यायालयों में जजों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षाएं आयोजित करने की मांग को लेकर वर्षों से संघर्ष कर रहे श्री शर्मा ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने भी इस तरह की इच्छा जताई है।यह हमारी पहली जीत है। हमारा यह आंदोलन मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा।


