विकास भवन अभियान: नियुक्ति की मांग कर रहे SLST-2 उम्मीदवारों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जन्मदिन मनाने के दौरान हुई कार्रवाई

अजित प्रसाद,साल्ट लेक, कोलकाता : शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे SLST-2 फ्रेशर्स उम्मीदवारों ने आज ‘बिक़ाश भवन’ (शिक्षा विभाग मुख्यालय) अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के साल्ट लेक के करुणामयी मेट्रो स्टेशन के पास जमा होते ही बिधाननगर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और कई आंदोलनकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को हिरासत में ले लिया।आज के इस विरोध प्रदर्शन में एक अलग नजारा देखने को मिला। चूँकि जनवरी माह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जन्मदिन आता है, इसलिए आंदोलनकारी अपने साथ केक लेकर आए थे। उम्मीदवारों का कहना था कि वे केक काटकर शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाना चाहते थे और अपनी मांगों को उनके समक्ष रखना चाहते थे।
नौकरी चाहने वाले उम्मीदवारों ने पुलिसिया कार्रवाई पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है, “हम कोई अशांति नहीं फैला रहे थे, हम तो बस केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मना रहे थे और अपनी नियुक्ति की गुहार लगा रहे थे। इसके बावजूद पुलिस ने हमें जबरन रोका और हिरासत में लिया।”
प्रमुख मांगें:
SLST-2 फ्रेशर्स उम्मीदवारों की तुरंत नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए।
भर्ती में पारदर्शिता बरती जाए और सालों से लंबित पड़ी रिक्तियों को भरा जाए।
पुलिस ने एहतियातन इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है और करुणामयी मेट्रो स्टेशन के पास किसी भी प्रकार के बड़े जमावड़े पर रोक लगा दी है। हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को पुलिस वैन में भरकर थाने ले जाया गया।


