मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा के विधायक एवं राज्य मंत्री ताज़मुल हुसैन को चुनाव आयोग ने भेजा हियरिंग का नोटिस
नोटिस भेजना केवल उन्हें परेशान करने की एक कोशिश है-ताज़मुल हुसैन

अजित प्रसाद,मालदा, (पश्चिम बंगाल ): पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चुनाव आयोग ने मालदा जिले की हरिश्चंद्रपुर विधानसभा से विधायक और राज्य सरकार के मंत्री ताज़मुल हुसैन को हियरिंग (सुनवाई) के लिए नोटिस जारी किया। चुनाव आयोग के इस कदम पर मंत्री ने गहरी नाराजगी और आक्रोश व्यक्त किया है। मंत्री ताज़मुल हुसैन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस आधार पर उन्हें नोटिस भेजा गया है, वह पूरी तरह से अतार्किक है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में उनका नाम और उनके पिता का नाम साल 2002 से ही एक समान है और वर्तमान में इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। मंत्री का आरोप है कि सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद उन्हें नोटिस भेजना केवल उन्हें परेशान करने की एक कोशिश है।चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मंत्री ने कहा, “यह पूरी प्रक्रिया समझ से परे है, फिर भी मैं एक जिम्मेदार नागरिक और संवैधानिक पद पर होने के नाते कानून का सम्मान करता हूँ।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आगामी 29 तारीख को निर्धारित हियरिंग केंद्र पर उपस्थित रहेंगे और अपनी बात रखेंगे।
एक मौजूदा मंत्री को चुनाव आयोग द्वारा नोटिस दिए जाने की घटना के बाद मालदा जिले सहित पूरे राज्य की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सत्ताधारी दल के समर्थक इसे प्रशासनिक स्तर पर उत्पीड़न बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दल आयोग की इस कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं।


