धूपगुड़ी में गरजे तृणमूल कांग्रेस पार्टी के संसद अभिषेक बनर्जी:
डॉ. निर्मल चंद्र राय के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, 'विकास' को बताया मुख्य एजेंडा

अजित प्रसाद, धूपगुड़ी, जलपाईगुड़ी :पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान को धार देने के लिए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आज जलपाईगुड़ी के धूपगुड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह सभा टीएमसी उम्मीदवार डॉ. निर्मल चंद्र राय के समर्थन में आयोजित की गई थी, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भीड़ उमड़ी। मंच से जनता को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने डॉ. निर्मल चंद्र राय की शैक्षणिक योग्यता और उनके सरल व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा:”डॉ. निर्मल चंद्र राय केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक शिक्षित प्रोफेसर और समाज सेवक हैं। पिछले उपचुनाव में आपने उन्हें चुना था और उन्होंने धूपगुड़ी को महकमा (Sub-division) बनाने का वादा पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। इस बार उन्हें भारी बहुमत से जिताकर विकास की गति को और तेज करना है।”
अभिषेक बनर्जी ने याद दिलाया कि कैसे टीएमसी सरकार ने वादे के मुताबिक धूपगुड़ी को महकमा बनाकर यहाँ के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी की। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बंगाल का जायज पैसा (मनरेगा और आवास योजना) रोककर दिल्ली की सरकार राज्य के गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे धर्म और नफरत की राजनीति करने वालों को नकार कर केवल ‘विकास’ के नाम पर वोट दें। धूपगुड़ी (SC) सीट पर डॉ. निर्मल चंद्र राय का मुकाबला भाजपा के नरेश चंद्र राय और वाममोर्चा के प्रत्याशियों से है। आरजी कर कांड और स्थानीय राजबंशी समुदाय के मुद्दों के बीच अभिषेक बनर्जी की यह मेगा रैली टीएमसी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।सभा के अंत में अभिषेक बनर्जी ने सभी से बूथ स्तर पर एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। डॉ. निर्मल चंद्र राय ने भी हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया और जीत के प्रति अपना विश्वास जताया।



