वांगचुक की पत्नी का गंभीर आरोप मेडिकल जांच रिपोर्ट की नहीं मिलीं कॉपियां
-चिट्ठी लिख दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. अंगमो ने अस्पताल प्रबंधन को एक चिट्ठी लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। गीतांजलि का कहना है कि अस्पताल प्रशासन वांगचुक की मेडिकल जांच रिपोर्ट की कॉपियां उनके परिवार को नहीं दे रहा है, जिससे इलाज को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। इसके साथ ही, उनके नियमित डॉक्टरों को भी निगरानी करने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
उन्होंने पत्र में मेडिकल डेटा साझा करते हुए बताया कि वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 ;पहले 4.3 रह गया है, जिससे उनकी सेहत को लेकर परिवार बेहद डरा हुआ है। इन्हीं वजहों से उन्होंने अस्पताल से अपील की है कि डिस्चार्ज की औपचारिकताएं तुरंत पूरी की जाएं ताकि वांगचुक को बेहतर और पारदर्शी इलाज के लिए किसी दूसरे चिकित्सा संस्थान में ले जाया जा सके।
जांच के दौरानए डॉक्टर ने सोनम वांगचुक को सलाह दी कि बिगड़ती सेहत के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की ज़रूरत है। हालांकि, सोनम वांगचुक ने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया। उनकी बिगड़ती सेहत और अस्पताल के डॉक्टर की सलाह को देखते हुए, दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को एम्बुलेंस के ज़रिए जंतर.मंतर से सफदरजंग अस्पताल पहुँचाया ताकि उन्हें भर्ती किया जा सके।
इस बीच, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मैं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हूँ, जहाँ सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है। मेरी, उनके परिवार और उन डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें मुँह से या नसों के ज़रिए कुछ भी न दिया जाए, जो पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत पर नज़र रखे हुए हैं।


