अनीमिया की पहचान और उपचार का महाअभियान, मनाया गया शक्ति दिवस !
शिविर में 9331 लाभार्थी हुए लाभान्वित !
गर्भवती महिलाएं, किशोरियां और छोटे बच्चों पर रहा विशेष फोकस !
कोटपूतली-बहरोड़-
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘अनीमिया मुक्त राजस्थान’ अभियान के तहत खण्ड कोटपूतली में शक्ति दिवस का आयोजन किया गया। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूरण चन्द गुर्जर के निर्देशन में इस विशेष दिवस के दौरान हजारों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। डॉ. पूरण चंद गुर्जर ने बताया कि अनीमिया की पहचान समय रहते करना और उसका समुचित उपचार सुनिश्चित करना इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है। अभियान के तहत उप स्वास्थ्य केंद्रों, सीएचसी, पीएचसी और हैल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स पर विशेष शिविर लगाए गए। आयोजन में कुल 9331 लाभार्थियों की जांच की गई और उन्हें आयरन की गोलियां वितरित की गईं। इनमें छोटे बच्चे, किशोर-किशोरियां, गर्भवती महिलाएं और धात्री माताएं शामिल रहीं।
यह हुए लाभान्वित—-
शिविर में 6 माह से 5 वर्ष तक के 5794 बच्चे, 5 से 9 वर्ष तक के 1211 बच्चे, 10 से 19 वर्ष के 1190 किशोर/किशोरियां, 664 गर्भवती महिलाएं और 472 धात्री माताएं लाभान्वित हुईं।
खण्ड कार्यक्रम प्रबंधक विजय तिवारी ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अभियान की मॉनिटरिंग की।



