जीविका दीदियों की सराहना कर बोले सीएम—ग्रामीण अर्थव्यवस्था हो रही मजबूत

 

रमेश ठाकुर- बगहा पश्चिम चंपारण_ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को वाल्मीकिनगर को बड़ी सौगात दी। उन्होंने लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास की नई नींव रखी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ जुटी और मुख्यमंत्री का तालियों व नारों से जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने महिलाओं से सीधा संवाद कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं और आजीविका का नया आधार बन रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नई योजनाओं से रोजगार, शिक्षा, आधारभूत संरचना और पर्यटन को गति मिलेगी। विशेष रूप से लवकुश पार्क और सड़क परियोजनाओं से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।

सिर्फ 42 मिनट के इस दौरे में मुख्यमंत्री ने विकास की कई योजनाओं की नींव रखी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के पूरा होने से पश्चिम चंपारण जिले की तस्वीर बदलेगी और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button