मालदा टाउन स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 42 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मालदा: राजधानी एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थों की बड़ी खेप बिहार ले जाने की कोशिश को मालदा जीआरपी थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने मालदा टाउन स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 42 किलोग्राम गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार, सुधीन मंडल और संकेत कुमार के रूप में हुई है। तीनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।जीआरपी पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को राजधानी एक्सप्रेस से गांजे की खेप ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर जीआरपी की टीम मालदा टाउन स्टेशन पर सतर्क थी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की जांच शुरू की। इसी दौरान तीनों आरोपियों को संदेह के आधार पर रोका गया और उनके पास मौजूद बैगों की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान दो बैगों से 15 पैकेट बरामद किए गए। जांच में पैकेटों के अंदर गांजा होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे का कुल वजन करीब 42 किलोग्राम है। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर गांजे की तस्करी किए जाने का संदेह है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जीआरपी ने जब्त गांजे को कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग के साथ मालदा जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button