मिशन 2026: उत्तर बंगाल के दौरे पर ‘महागुरु’, मिथुन चक्रवर्ती ने फूंका चुनावी बिगुल

सोनार बांग्ला' के निर्माण के लिए भाजपा का साथ दें- मिथुन चक्रवर्ती

 

अजित प्रसाद, कूचबिहार (पश्चिम बंगाल ): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती उत्तर बंगाल के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। नए साल के पहले सप्ताह में कूचबिहार में आज उनका दौरा उत्तर बंगाल की विभिन्न सीटों पर पकड़ मजबूत करने की भाजपा की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

भाजपा नेतृत्व के लिए उत्तर बंगाल हमेशा से एक मजबूत किला रहा है। मिथुन चक्रवर्ती का यह दौरा सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जैसे जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वे यहां कई संगठनात्मक बैठकों और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

अपने दौरों के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया है। उन्होंने हाल ही में एक ‘क्विक रिस्पांस टीम’ बनाने की बात कही थी, जो चुनाव के दौरान बूथ स्तर पर समस्याओं का तुरंत समाधान करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2026 का चुनाव भाजपा के अस्तित्व और बंगाल के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उत्तर बंगाल की सभाओं में मिथुन चक्रवर्ती ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि बंगाल में बदलाव की लहर अब उत्तर से दक्षिण की ओर बहेगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए भाजपा का साथ दें।

मिथुन चक्रवर्ती की लोकप्रियता उत्तर बंगाल के चाय बागान क्षेत्रों और राजबंशी समुदाय के बीच काफी अधिक है। उनके रोड-शो और सभाओं में उमड़ रही भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस की चिंताएं बढ़ा दी हैं। हालांकि, टीएमसी ने उनके इस दौरे को ‘चुनावी स्टंट’ करार दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर बंगाल में मिथुन की सक्रियता भाजपा के वोट बैंक को संगठित करने में मदद करेगी, खासकर उन क्षेत्रों में जहां पिछली बार पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button