कोलकाता में न्यूटाउन की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, मौके पर दमकल की कई गाड़ियाँ

अजित प्रसाद, न्यूटाउन कोलकाता : कोलकाता के न्यूटाउन इलाके के थाकदाड़ी में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की ऊपरी मंजिल पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग राहत और बचाव कार्य में जुट गया है। स्थानीय निवासियों ने आज दोपहर बहुमंजिला इमारत की छत के पास से घना काला धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते धुएं ने पूरी इमारत के ऊपरी हिस्से को घेर लिया, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुँचकर तेजी से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक रूप से यह आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल इमारत से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग को फैलने से रोकने पर ध्यान दिया जा रहा है।




