यूपी की सियासत में जयंती जिंदाबाद

-भाजपा.सपा में जातीय वोट साधने की होड़

भारत पोस्ट संवाददाता
लखनउ। उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा में जातीय वोट साधने के लिए महापुरुषों की साधना की होड़ लगी है। संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य पर भाजपा ने सात महीने का एजेंडा तैयार किया है। सपा महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती मनाने में जुटी है। जिला.महानगर कार्यालयों में यह कार्यक्रम होंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भले ही अभी समय है लेकिन जातिगत वोटों को साधने की गुणाभाग के लिए राजनीतिक दलों में महापुरुषों की साधना तेज हो गई है। सूबे के दो प्रमुख दल भाजपा और सपा में अपने.अपने वोट बैंक को रिझाने के लिए संतों और महापुरुषों की स्मृति पर आधारित जयंती कार्यक्रमों की होड़ नजर आ रही है। पिछले कुछ समय से बढ़ीं इस तरह की गतिविधियों का सिलसिला आगे भी जारी रहे, इसके लिए प्रदेशव्यापी आयोजनों का लंबा एजेंडा तैयार किया गया है।
आलम यह है कि भाजपा ने संत रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में करीब सात महीने के कार्यक्रमों की फेहरिस्त तैयार की है। यही नहीं पीडीए के जरिये वर्ग विशेष पर फोकस कर रही सपा बुधवार को पूरे सूबे में महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती पर जिला और महानगर स्तर पर अलग.अलग कार्यक्रम कर रही है।
पिछले दिनों डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर हर दल ने संविधान निर्माता को याद किया था। अपने.अपने तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए थे। भाजपा ने व्यापक स्तर पर आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए थे। इसी तरह लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की याद में आधारित कार्यक्रमों में कांग्रेस समेत अन्य दलों में आयोजनों की स्पर्धा देखने को मिली थी।
अब भाजपा ने संत रविदास महाराज की जयंती मनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से बाकायदा करीब सात महीने का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत पार्टी 29 जुलाई ;गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 ;संत रविदास महाराज जयंती तक समरसता संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान भाजपा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिये संत रविदास महाराज के जीवन दर्शन, उनके समता,भक्ति सेवा,सामाजिक न्याय व मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार करेगी।
वहीं, सपा पीडीए फॉर्मूले के अनुसार हर वर्ग के महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर संबंधित समाज के लोगों को प्रभावित करने में जुटी है। सपा के जिला और महानगर कार्यालय पर कार्यक्रम होंगे। इसके बाद पांच अगस्त को सपा का जनेश्वर मिश्र की जयंती पर पारंपरिक आयोजन होगा। सपा ने पिछले पांच महीने ;मार्च से जुलाई तक में पार्टी कार्यालय और अन्य स्थानों पर करीब 11 कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी ने कई महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि मनाई। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव का कहना है कि हमारी पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। महापुरुषों का सम्मान करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button