घर में मिला कॉलेज प्रोफेसर का शव, इलाके में शोक की लहर
कूचबिहार (पश्चिम बंगाल ): कूचबिहार जिले के दिनहाटा शहर के बोर्डिंगपाड़ा इलाके में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब दिनहाटा कॉलेज के एक वरिष्ठ प्रोफेसर का शव उनके बंद घर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान अमिताभ दत्त के रूप में हुई है, जो दिनहाटा कॉलेज में बंगाली विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) थे।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर अमिताभ दत्त अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और बेटी अपने काम के सिलसिले में कोलकाता में रहते हैं। बताया गया है कि कल तक उन्होंने कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी भी की थी और पूरी तरह सामान्य नजर आ रहे थे।
आज पूरे दिन प्रोफेसर दत्त को घर से बाहर निकलते नहीं देखा गया। रात होने पर भी जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत दिनहाटा थाना और दमकल विभाग को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर बिस्तर पर उनका शव पड़ा मिला।
अमिताभ दत्त न केवल एक अनुभवी शिक्षक थे, बल्कि पूरे जिले में अपने बेहद विनम्र और सज्जन स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही उनके छात्रों, सहकर्मियों और स्थानीय निवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है। कॉलेज से जुड़े लोगों ने इसे शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती तौर पर यह मामला स्वाभाविक मृत्यु का लग रहा है या कोई और कारण है, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


