बाढ़ प्रभावित इलाकों में करें पॉलीथिन शीट और सूखे राशन की व्यवस्था: डीएम
मटिहानी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं नगर निगम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया दौरा
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने मटिहानी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं नगर निगम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, महापौर पिंकी देवी, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला आपदा पदाधिकारी, अंचल अधिकारी मटिहानी एवं बेगूसराय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। डीएम ने मटिहानी प्रखंड के गोरगामा पंचायत के कौआकोल के समीप बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। डीएम ने खोरमपुर, सिहमा, रामदीरी-3, रामदीरी-4 पंचायतों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण किया। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 17,18, 6 एवं 4 के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। डीएम ने सभी अंचल अधिकारी को बाढ़ प्रभावित इलाकों में पॉलीथिन शीट, सूखे राशन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पशुओं के लिए पशुचारा का भी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली एवं विद्युत पोल की व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि पूरे जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार टीम बनाकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही लोगों के लिए नाव की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।




