ममता बनर्जी की 40 साल पुरानी करीबी काकोली घोष ने पार्टी के सारे पद दिया इस्तीफ़ा।
अजित प्रसाद / कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सियासत में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्टी में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी की पार्टी में बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं। टीएमसी नेत्री ममता बनर्जी की सबसे भरोसेमंद नेताओं में से एक और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सीनियर लीडर काकोली घोष दस्तीदार ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
यह नाटकीय घटनाक्रम ठीक तब हुआ जब उन्हें लोकसभा में TMC के चीफ व्हिप पद से हटाकर कल्याण बनर्जी को नियुक्त किया गया। काकोली ने तृणमूल की बारासत संगठनात्मक जिला अध्यक्ष और महिला विंग अध्यक्ष का पद भी छोड़ दिया है। ऐसी भी खबरें हैं कि वह सांसद पद से भी इस्तीफा दे सकती हैं। काकोली घोष ने हाल ही में पार्टी की चुनावी रणनीति बनाने वाली पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC की तीखी आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि वह बारासात सीट पर पार्टी के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी को बाहरी एजेंसियों पर भरोसा करने के बजाय अपने वफादार कार्यकर्ताओं पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने खुलकर कहा, “यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता कि 40-45 साल के राजनीतिक अनुभव वाले हम जैसे लोगों को कंसल्टेंसी फर्म के 22-23 साल के लड़के-लड़कियां धमकाएं।”
काकोली ने अपने इस्तीफे में राज्य की खराब कानून-व्यवस्था और सरकार में फैले भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया है। उनके बेटे बैद्यनाथ घोष ने बताया कि बंगाल सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के कई आरोपों से उनके परिवार की प्रतिष्ठा पर असर पड़ रहा था, इसलिए उनकी मां ने यह कदम उठाया। उन्होंने आगे कहा कि नौकरी घोटाला, राशन घोटाला और आर।जी। कर मेडिकल कॉलेज की घटना ने पार्टी की छवि को बहुत नुकसान पहुंचाया है। ममता से निजी संबंधों के कारण उनकी मां इतने लंबे समय तक चुप रहीं। 1976 से ममता बनर्जी के साथ रहीं काकोली घोष ने हाल ही में सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें चार दशकों की वफादारी का यह ‘इनाम’ मिला है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने काकोली को ‘Y कैटेगरी’ की सुरक्षा दी है, जिससे बंगाल में उनके बीजेपी में शामिल होने की राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, उनके परिवार का कहना है कि काकोली का यह कदम भ्रष्टाचार के खिलाफ है, न कि बीजेपी में शामिल होने के बारे में।



