कोलकाता के सोनारपुर में मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी का विरोध
अंडे-जूते फेंके गए, ‘चोर-चोर’ और ‘गो बैक’ के लगे नारे
अजित प्रसाद,सोनारपुर (कोलकाता), दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद Abhishek Banerjee को शनिवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में उनके पहुंचते ही भाजपा समर्थकों और स्थानीय लोगों के एक समूह ने काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया तथा ‘चोर-चोर’ और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी जब मोटरसाइकिल से प्रभावित परिवार के घर की ओर जा रहे थे, तभी प्रदर्शनकारियों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। आरोप है कि उनकी ओर अंडे, जूते और पत्थर फेंके गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें क्रिकेट हेलमेट पहनाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर आगे बढ़ाया।
सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर पहुंचने से पहले ही कई स्थानों पर महिलाएं हाथों में अंडे लेकर विरोध के लिए खड़ी थीं, जबकि अन्य जगहों पर काले झंडों के साथ प्रदर्शन किया जा रहा था। पाटुली के ढलाई ब्रिज से लेकर सोनारपुर के कामराबाद क्षेत्र तक विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी देखने को मिली।
बताया गया है कि सोनारपुर में प्रवेश के दौरान अभिषेक बनर्जी को लक्ष्य कर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस दौरान उनकी शर्ट के कुछ बटन भी टूट गए। इसके बावजूद वह पैदल आगे बढ़ते रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया।
दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके क्षेत्र के कई लोग लंबे समय तक घर छोड़ने को मजबूर रहे और तृणमूल से जुड़े कथित असामाजिक तत्वों द्वारा वर्षों तक अत्याचार किए गए। उनका आरोप है कि इन घटनाओं को लेकर अभिषेक बनर्जी को जवाब देना चाहिए। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने भी कथित उत्पीड़न और हिंसा के मामलों पर जवाबदेही की मांग की।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।




