जननायक कर्पूरी ठाकुर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई
विनोद कुमार
वरिष्ठ पत्रकार
नई दिल्ली/पटना‚ 17 फरवरी, 2026(एजेंसी)। देश के महान समाजवादी नेता ‘भारत रत्न’ और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर उन्हें आज भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।उनका 17 फरवरी 1988 को निधन हो गया था। मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न से नवाजा गया।
देश के प्रमुख राजनेताओं ने जननायक के सिद्धांतों और उनकी ईमानदारी को याद करते हुए अपने विचार साझा किए हैं।
उपराष्ट्रपति सी. पी.राधाकृष्णन ने कहा “एक सच्चे जननायक के रूप में उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों के सशक्तिकरण को समर्पित किया। उनकी सादगी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी राष्ट्र को प्रेरित करती है।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा है कि “सामाजिक जीवन में शुचिता व पारदर्शिता के प्रतीक कर्पूरी ठाकुर का जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणीय रहेगा। वह स्वाधीनता और समानता के सच्चे पुरोधा थे।”
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा “पिछड़ों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके द्वारा स्थापित त्याग के मानदंड आज भी राजनीति के लिए मार्गदर्शक हैं।”
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा “कर्पूरी ठाकुर का जीवन सामाजिक न्याय की लड़ाई का जीवंत दस्तावेज है। उनकी नीतियां आज भी हाशिए पर खड़े लोगों को मुख्य धारा में लाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं।”
भारत रत्न जननायक स्व० ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में देशरत्न मार्ग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, पूर्व विधायक अनिल कुमार, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा एवं बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासिचव अरविंद कुमार उर्फ़ छोटू सिंह भी मौजूद थे।उन्होंने भी श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा “शोषित-वंचितों के सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्पद रहेगी।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा “सादगी और शुचिता की राजनीति के वे जीवंत प्रतीक थे। उनके विचार हमें समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।”
स्व ठाकुर की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक बड़ा घटनाक्रम का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया महापद्मनन्द कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन ने बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कर्पूरी ठाकुर आरक्षण मॉडल’ लागू किया किए जाने की मांग की। एल.एस.


