कटमनी, वसूली और धमकी मामले में तृणमूल नेता सुरंजन मालाकार गिरफ्तार
- कोर्ट ले जाते समय लोगों ने बरसाये अंडे
विशेष प्रतिनिधि
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी के मामुदपुर ग्राम पंचायत की प्रधान प्रियंका मालाकार के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पंचायत प्रधान के पति खुद भी तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं। उन्हें बैरकपुर पुलिस कमिश्रनेट के शिवदासपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवा तृणमल नेता का नाम सुरंजन मालाकार है। बुधवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया।
सुरंजन मालाकार पर वसूली करने के अलावा आम लोगों को हथियार दिखाकर धमकाने, कटमनी वसूलने के अलावा भ्रष्टाचार के भी आरोप हैं। गुरुवार को पुलिस लॉकअप से बैरकपुर कोर्ट ले जाते समय जमकर हंगामा हुआ। पुलिस जब सुरंजन को लेकर कोर्ट जा रही थी, तभी भीड़ ने आरोपी पर अंडों की बारिश कर दी।
लोगों के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भीड़ ने आरोपी को पुलिस के कब्जे से छीनने की कोशिश की। इसमें लोग नाकाम रहे, तो भीड़ ने जमकर सुरंजन की पिटाई कर दी। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने युवा तृणमूल नेता को गाड़ी में बैठाया। घटना की वजह से इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी।
10-




