श्मशान से अधजला शव उठा ले गयी पुलिस

मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

-जल्दबाजी में हो रहा था अंतिम संस्कार
-शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज
भारत पोस्ट संवाददाता
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही गांव में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने रुलही पंचायत के श्मशान घाट से एक विवाहित महिला का अधजला शव बरामद किया है। मृतका की पहचान रुलही वार्ड संख्या.3 निवासी श्याम यादव की 25 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह.तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार के दौरान अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को महिला की संदिग्ध मौत और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल श्मशान घाट पहुंची। जहां महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अधजले शव को बरामद कर लिया और जांच शुरू कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतका के पिता ईश्वर यादव ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पुष्पा देवी की हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मृतका के भाई ने दावा किया है कि पुष्पा देवी गर्भवती थी और उसकी हत्या की गई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। हालांकि, गर्भावस्था और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button