कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं समीक्षा बैठक
भारत पोस्ट संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्धनगर व्यापार सभा का कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं समीक्षा बैठक का आज एनसीपी इंटरनेशनल स्कूल, रोजा जलालपुर में आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजकुमार भाटी राष्टीय प्रवक्ता समाजवादी पार्टी एवं विशिष्ट अतिथियों में प्रदीप जायसवाल प्रदेश अध्यक्ष व्यापार सभा, सैन विपिन कुमार गौतम बुद्धनगर जिला अध्यक्ष व्यापार सभा, राजन पाण्डेय उपाध्यक्ष जिला व्यापार सभा समेत राहुल यादव, अर्जुन चौहान, मुकेश वर्मा, रजनीश रोशा, चमन नागर, सतपाल प्रजापति, एडवोकेट संजीव जैन, रौशन झा आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजकुमार भाटी ने कहा कि केंद्र सरकार की अदूरदर्शी नीतियों की वजह से आज व्यापार में अनिश्चितता का माहौल हो गया है। व्यापारी वर्ग उहापोह की स्थिति में अपने व्यापार को लेकर चिंतित हैं। अन्य वक्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों और अराजक माहौल के कारण व्यापार करना दिन प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है। व्यापार में घाटा की वजह से व्यापारी वर्ग के सामने विकट परिस्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
गौतम बुद्धनगर जिला अध्यक्ष सैन विपिन कुमार ने अपने संबोधन में व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग आज भय के माहौल में व्यापार करने को मजबूर हैं। व्यापार स्थल पर बुनियादी समस्याओं की वजह से व्यापारी और आम लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की मनमानी नीतियों से व्यापार में हानि उठानी पड़ रही है। सैन विपिन कुमार दादरी विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहते हैं जिससे व्यापारी वर्ग के हित में काम कर सके। उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रशासन से मांग की कि प्रशासन द्वारा व्यापारी वर्ग को नाहक परेशान न किया जाए।


