कांग्रेस के संकल्प समावेश कार्यक्रम
तुम निकम्मे लोग यहाँ व्यक्ति पूजा नहीं होती : खड़गे
विशेष प्रतिनिधि
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस के संकल्प समावेश कार्यक्रम के दौरान मंच से भाषण दे रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उस समय आगबबूला हो गए, जब पार्टी कार्यकर्ताओं के एक गुट ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थन में डीके डीके के नारे लगाने शुरू कर दिए और कार्यक्रम में बाधा डाली। खड़गे ने नारेबाज़ी करने वाले कार्यकर्ताओं को मंच से ही बेकार लोग कहकर कड़ी फटकार लगाई।
नारेबाज़ी से नाराज मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि यह कांग्रेस का कार्यक्रम है, किसी एक व्यक्ति विशेष को बढ़ावा देने का मंच नहीं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा ष्क्या यहां नारे लगाने से पूरे देश पर कोई असर पड़ेगा? यह किसी व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं है, यह पार्टी का कार्यक्रम है। तुम बेकार लोग! यहां किसी व्यक्ति की पूजा नहीं होती, हम यहां पार्टी के लिए आए हैं जो हम सभी को एक साथ लाती है।” खड़गे ने कार्यक्रम में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा,अगर एक व्यक्ति कुछ कहता है और दूसरा कुछ और चिल्लाता है तो बाकी लोग यहां किसलि, आए हैं? क्या वे फर्श पर झाड़ू लगाने आए हैं”
अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने नेताओं को अपनी हद में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, ष्मेरे पास 58 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है। यहां कई नेता आए हैं, हालांकि पार्टी में उनका योगदान कम है, लेकिन पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है।” इसके साथ ही उन्होंने अनुशासनहीनता बर्दाश्त न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के वीडियो फुटेज की समीक्षा की जाएगी और बाधा डालने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बेंगलुरु के इस वाकये ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कर्नाटक कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है। जहाँ एक तरफ मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी में अनुशासन की दुहाई दे रहे हैं वहीं विपक्ष को कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी पर हमला करने का एक और बड़ा मौका मिल गया है।



