एसएससी परीक्षार्थियों ने विभिन्न मांगों को लेकर चलाया उत्तरकन्या अभियान’
अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों से आए लगभग सौ नए एसएससी परीक्षार्थियों ने बुधवार को उत्तर बंगाल शाखा सचिवालय उत्तरकन्या की ओर ‘अभियान’ कार्यक्रम चलाया। सुबह से ही उत्तरकन्या अभियान को केंद्र कर पुलिस की कड़ी सुरक्षा देखी गई। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
बेरोजगार परीक्षार्थियों के लिए आयोग ने उनके अनुभव के आधार पर अतिरिक्त 10 अंक निर्धारित किए हैं। इसी 10 अंकों की व्यवस्था में नए परीक्षार्थी खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि वे पूर्ण अंक लाने के बावजूद भी उपेक्षित रह जा रहे हैं। इसी ‘बंचना’ के विरोध में नए परीक्षार्थियों ने उत्तरकन्या अभियान का आह्वान किया।
बुधवार को सिलीगुड़ी के जलपाई मोड़ से नए परीक्षार्थियों का एक समूह सड़क मार्च पर निकला। नोकाघाट मोड़ होते हुए जब जुलूस तीनबत्ती मोड़ पहुंचा, तभी पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस छिड़ जाती है। रोके जाने के विरोध में आंदोलनकारी वहीं सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर देते हैं।
उधर, परीक्षार्थियों की पांच सदस्यों वाली एक प्रतिनिधि टीम उत्तरकन्या की ओर चर्चा के लिए रवाना होती है।

