वित्तीय सुरक्षा के लिए बीमा को अपनाना समय की जरूरत
नई दिल्ली। राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस 2026 के अवसर पर विशेषज्ञों ने लोगों से वित्तीय सुरक्षा के लिए बीमा अपनाने की अपील की। उनका कहना है कि आज के अनिश्चित समय में बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं बल्कि परिवार को अचानक आने वाले आर्थिक संकटों से बचाने का एक मजबूत सुरक्षा कवच भी है। इस अवसर पर इफ्को—टोकिओ जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) सुब्रता मोंडल ने कहा कि ‘राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस’ हमें याद दिलाता है कि जीवन में किसी भी समय अप्रत्याशित परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं और ऐसे समय में बीमा आर्थिक संबल प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि भारत में बीमा की पहुंच अभी भी काफी सीमित है। एशिया-पैसिफिक देशों में सबसे कम बीमा प्रीमियम होने के बावजूद देश में होने वाले कुल नुकसान का केवल 15 प्रतिशत हिस्सा ही बीमा के दायरे में आता है। यह स्थिति लोगों में बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा आपात स्थिति, दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या किसी संकट की स्थिति में बीमा परिवार की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जरूरत और क्षमता के अनुसार उपयुक्त बीमा पॉलिसी आवश्यक लेनी चाहिए।



