चोर होने के संदेह में खंभे से बांधकर पीटा, अधेड़ की दर्दनाक मौत; दो गिरफ्तार
मालदा (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से भीड़ तंत्र की हिंसा (मॉब लिंचिंग) का एक बेहद ही सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। मालदा के चांचल थाना क्षेत्र के जलालपुर इलाके में चोरी के संदेह में एक व्यक्ति को बिजली के खंभे से बांधकर लोहे की रॉड से इस कदर पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। इस क्रूर घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय एनामुल हक के रूप में हुई है।दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त मेंघटना की सूचना मिलते ही चांचल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नूरुल इस्लाम और नासीम अख्तर नाम के दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह हमला सिर्फ चोरी के संदेह में किया गया था या फिर इसके पीछे कोई पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी या स्थानीय विवाद था।रात को घर से निकले थे एनामुल, मिली मौत की खबरमृतक के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कल रात करीब 10:30 बजे एनामुल हक किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसके बाद देर रात परिजनों को सूचना मिली कि कुछ लोग एनामुल को बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीट रहे हैं। खबर मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल एनामुल को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चांचल थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




