दिल्ली में सजेगा वस्त्र उद्योग का वैश्विक मंच

-भारत मंडपम में आयोजन 14 से 17 जुलाई तक

अखिलेश कुमार अखिल
नई दिल्ली। भारत की वस्त्र परंपरा अब केवल करघों और कपड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैश्विक कारोबार की नई पहचान बन चुकी है। इसी बदलते स्वरूप की सबसे बड़ी झलक 14 से 17 जुलाई तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत टेक्स 2026 में दिखाई देगी। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन देश के वस्त्र उद्योग का अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक मंच बनने जा रहा है, जहां खेत से मिलने वाले प्राकृतिक रेशों से लेकर तैयार परिधान और विदेशी बाजारों तक की पूरी यात्रा एक ही छत के नीचे सिमटी नजर आएगी।
करीब 16 लाख वर्ग फीट में फैले इस मेले में 1,600 से अधिक प्रदर्शक, 7 हजार से ज्यादा वैश्विक खरीदार, 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक और 20 हजार से ज्यादा उत्पाद शामिल होंगे। यहां फाइबर, यार्न, फैब्रिक, परिधान, होम टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, आधुनिक मशीनरी और सस्टेनेबल फैशन तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन प्रदर्शित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य केवल कारोबार बढ़ाना नहीं, बल्कि भारत को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में नई पहचान दिलाना भी है। 20 से अधिक देशों के नीति.निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ और कारोबारी प्रतिनिधि इस आयोजन में भाग लेंगे, जबकि 14 देशों की कंपनियां अपने नवीनतम उत्पाद और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। इससे भारतीय उद्योग को नए बाजार, नई साझेदारियां और निवेश के अवसर मिलने की उम्मीद है।
भारत टेक्स 2026 में आठ राज्य प्रायोजक और नौ राज्य व केंद्रशासित प्रदेश प्रदर्शक के रूप में शामिल होंगे। उनके मंडपों में प्रमुख टेक्सटाइल क्लस्टर, निवेश की संभावनाएं, औद्योगिक ढांचा और नई नीतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, स्पेन, पुर्तगाल और बांग्लादेश सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल भी इसमें भाग लेकर वैश्विक सहयोग को नई दिशा देंगे।
यह आयोजन केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं होगा, बल्कि ज्ञान और व्यापार का भी बड़ा मंच बनेगा। इसमें 100 से अधिक नॉलेज सेशन, 39 पैनल चर्चा, 37 मास्टरक्लास, 16 राउंडटेबल बैठकें और राज्य.विशेष सत्र आयोजित होंगे। साथ ही लगभग 3,500 बी.टू.बी और 100 से अधिक बी.टू.जी बैठकें होंगी, जिनसे व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस बार भारत टेक्स 2026 में सर्कुलर टेक्सटाइल, ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्री 5.0, फाइबर सिक्योरिटी, उत्पाद नवाचार और एआई आधारित डिजिटल समाधानों पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही सीटी टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड्स 2026 के जरिए पर्यावरण.अनुकूल और जिम्मेदार विनिर्माण को बढ़ावा देने वाले उद्योगों को सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button