महिला वार्ड में उमड़ी मरीजों की भीड़
-खून जांच के लिए लगी लंबी कतारें
भारत पोस्ट संवाददाता
नोएडा। सेक्टर.39 स्थित जिला अस्पताल के महिला वार्ड में मंगलवार को बदलते मौसम का असर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं इलाज और जांच के लिए अस्पताल पहुंचीं, जिससे ओपीडी और जांच केंद्रों पर काफी भीड़ रही।
गर्भवती महिलाओं और जच्चा.बच्चा की नियमित जांच कराने आई महिलाओं के साथ.साथ वायरल बुखार, कमजोरी और संक्रमण जैसी शिकायतों वाली महिलाओं की संख्या भी अधिक रही। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं, खून की जांच कराने के लिए पैथोलॉजी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण वायरल संक्रमण और मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने महिलाओं, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने, पर्याप्त पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। अस्पताल में भीड़ के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था संभाली।




