बंगाल में जल्द लागू होगा एनईपी-2020
-राज्यपाल ने की 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक
भारत पोस्ट संवाददाता
सिलिगुड़ी। एक दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे पर आए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा को लेकर बड़ी बैठक की। राज्यपाल आरएन रवि सुबह कोलकाता से फ्लाइट लेकर बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सीधे वे यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ बंगाल यानी एनबीयू पहुंचे।
एनबीयू में उन्होंने उत्तरबंगाल क्षेत्र के 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मुख्य फोकस एनईपी-2020 को जमीन पर लागू करने, शोध को बढ़ावा देने और विश्वविद्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहा। राज्यपाल ने बैठक में कहा कि उत्तर बंगाल के सभी 20 विश्वविद्यालयों को एनईपी-2020 को जल्द से जल्द पूरी तरह लागू करना होगा।
राज्यपाल की इस पहल से उत्तरबंगाल के 20 विश्वविद्यालयों में एनईपी-2020 तेजी से लागू होगा। इससे छात्रों को बेहतर शिक्षा, स्किल और रोजगार के नए मौके मिलेंगे। साथ ही उत्तरकन्या में हुई बैठक से क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर बंगाल को शिक्षा और ज्ञान का केंद्र बनाना है। इसके लिए सभी विश्वविद्यालयों को एक साथ मिलकर काम करना होगा।
उत्तर कन्या में भी हुई प्रशासनिक बैठक एनईपी का कार्यक्रम खत्म करने के बाद राज्यपाल दोपहर में उत्तरकन्या स्थित उत्तरबंगाल के शाखा सचिवालय पहुंचे। वहां उन्होंने उत्तरबंगाल के विकासए कानून.व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।




