साली से छेड़छाड़ के आरोप में जीजा को पीटा
-दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
भारत पोस्ट संवाददाता
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से पारिवारिक विवाद में बेरहमी और तालिबानी सजा देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को उसकी साली को घुमाने और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में उसके ही दो सालों ने ससुराल में पेड़ से बांध दिया। इसके बाद दोनों ने जीजा के कपड़े उतारकर बेल्ट, पट्टे और लाठी.डंडों से उसकी बेरहम पिटाई की। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र के भिडौसा गांव में गत सोमवार को घटी, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। सिहोनिया थाना प्रभारी अतुल परिहार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी मोनू वाल्मीकि ;25, और गोलू वाल्मीकि ;22, को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
परिहार ने बताया कि कीचाल निवासी नंदकिशोर वाल्मीकि ;27, 13 जुलाई को अपने ससुराल भिडौसा गांव पहुंचा था, जिसके कुछ घंटों बाद उसके दोनों सालों ने पारिवारिक विवाद के चलते उसे पकड़ कर पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई की। पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि दोनों ने पहले नंदकिशोर के कपड़े उतारे और फिर बेल्ट, डंडों और पट्टे से जमकर पीटा।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है, जिसमें दोनों आरोपी नंदकिशोर की पिटाई करते दिख रहे हैं। पुलिस को पिटाई के कुछ वीडियो आरोपियों के मोबाइल से भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों आरोपियों को मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया है।


