नेपाल के रसुवा में भयावह बाढ़, बड़े पैमाने पर तबाही; सेना-पुलिस ने संभाला मोर्चा

 

नेपाल के रसुवा जिले में आई भयावह बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। नेपाल सरकार ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और नेपाल पुलिस को मौके पर तैनात किया है। इसके अलावा अन्य जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों की ओर भेजा जा रहा है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय शुरू कर दिया है। मेडिकल टीम, नेपाल स्काउट और रेडक्रॉस के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। अतिरिक्त एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मियों को भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सरकार ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित जिलों के मुख्य जिला अधिकारियों (सीडीओ) को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने को कहा गया है। प्रशासन की ओर से एसएमएस और फोन कॉल के जरिए भी लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।

संभावित राहत और बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टरों को प्रभावित क्षेत्रों की ओर भेजा गया है। निजी हेलीकॉप्टर कंपनियों को भी अपने हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय रखने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ निजी हेलीकॉप्टर भी प्रभावित इलाकों की ओर रवाना हो चुके हैं।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। जिन लोगों का अपने परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उन्हें सरकारी एजेंसियों की ओर से जारी रेस्क्यू अपडेट का इंतजार करने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव से जुड़ी जानकारी के लिए 1234, 100 और 1111 नंबरों पर संपर्क करने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button