बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन के लिए क्षेत्रीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र यूपी ने कानपुर में आयोजित की कार्यशाला
सुनील बाजपेई
कानपुर। केंद्र की भाजपा सरकार देश के बुजुर्गों की समस्याओं के खिलाफ सेवा और सहायता में भी कोई कोर कसर बाकी नहीं रख रही है। जिसके लिए कार्यशालाओं और कार्यक्रमों के रूप में आयोजनों का भी दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से अधिकृत शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के क्षेत्रीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र (आर आर टी सी), उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 125 वृद्धजनों ने भाग लिया।
रामा अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, लखनपुर में डिमेंशिया एवं अल्ज़ाइमर रोग के खिलाफ आयोजित इस विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों और उनके परिवारों को उम्र बढ़ने के साथ स्मरण शक्ति में होने वाले बदलावों, डिमेंशिया एवं अल्ज़ाइमर के संभावित लक्षणों और देखभाल के तरीकों के बारे में जागरूक करना था। जिसमें कार्यशाला के आयोजक पूर्ण रूप से सफल भी रहे। वृद्ध लोगों के कल्याण के लिए समस्याओं के खिलाफ आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्रालय की वरिष्ठ नागरिक कल्याण संबंधी पहल के अनुरूप जागरूकता, क्षमता निर्माण और सामुदायिक सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में पहुंचे अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र भदौरिया, यूरोलॉजिस्ट डॉ. अपूर्व शुक्ला, गैस्ट्रो सर्जन डॉ. तरुण, मनोचिकित्सक डॉ. अर्नब देब, कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. चंदन तिवारी एवं डॉ. एच.सी. पालिवाल तथा नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. डी.के. सिन्हा आदि चिकित्सा विशेषज्ञों ने रोग की पहचान, संभावित कारणों, जोखिम कम करने के उपायों और परिवार की जिम्मेदारी , परिवार के सदस्यों को वृद्धजनों के व्यवहार एवं स्मरण शक्ति में होने वाले बदलावों को समझने, जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने और प्रभावित व्यक्ति के साथ धैर्यपूर्ण व्यवहार करने आदि से जुड़े विषयों पर विस्तार पूर्वक जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।
शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के संस्थापक एवं सचिव राजेंद्र सिंह नेतृत्व में वृद्ध जनों की समस्याओं के खिलाफ कल्याण के लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के आदेश निर्देश और बुजुर्गों के हित में कल्याणकारी पहल पर आयोजित इस कार्य शाला के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान जनक जीवन देने के लिए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, परिवार का सहयोग और समाज की भागीदारी जैसा संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन भार्गव और सामाजिक कार्यकर्ता उदय नारायण त्रिपाठी आदि की भी सहभागिता रही।




