भारत और सिंगापुर मध्यस्थता के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे: मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत
- अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता को और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखें दोनों देश: सिंगापुर के कानून मंत्री एडविन टोंग - सिंगापुर के सेकंड चार्टर ऑफ जस्टिस की 200वीं वर्षगांठ पर आयोजित हुई संगोष्ठी
**सिंगापुर, 27 नवंबर 2026:** भारत और सिंगापुर संस्थागत ढांचे, पेशेवर मानकों, प्रशिक्षण और तकनीक के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। दोनों देशों को विवादों के जल्द समाधान के लिए शुरुआती स्तर पर मध्यस्थता को भी बढ़ावा देना चाहिए। यह बात भारत के मुख्य न्यायाधीश *न्यायमूर्ति सूर्यकांत* ने शुक्रवार को कही।
उन्होंने सिंगापुर के द फुलर्टन होटल में भारतीय मध्यस्थता परिषद (आईसीए) की ओर से आयोजित संगोष्ठी *‘इंडिया-सिंगापुर: फ्रॉम शेयर्ड लीगल फाउंडेशंस टू द फ्यूचर’* को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा, “विवादों के समाधान में निश्चितता कारोबार के बाद की कोई औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह उस भरोसे का अहम हिस्सा है, जो कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद करता है।”
उन्होंने बताया कि सिंगापुर आसियान देशों में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार 2004-05 के 6.7 अरब डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 34.3 अरब डॉलर हो गया है। अप्रैल 2000 से मार्च 2025 के बीच सिंगापुर से भारत में करीब 174.88 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया, जो कुल विदेशी निवेश का लगभग 24 प्रतिशत है।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि भारत में मध्यस्थता व्यवस्था का विस्तार और भारतीय मध्यस्थता परिषद की स्थापना दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर पैदा कर रही है। उन्होंने कहा, “कई बार सबसे अच्छा नतीजा किसी एक पक्ष की जीत नहीं, बल्कि ऐसा समझौता होता है, जिससे दोनों पक्ष आगे बढ़ सकें।” उन्होंने दोनों देशों से एक-दूसरे के संस्थागत मॉडल की नकल करने के बजाय अनुभव साझा करने पर जोर दिया।
सिंगापुर के कानून मंत्री और गृह मामलों के दूसरे मंत्री *एडविन टोंग एससी* ने कहा कि निवेशकों को भरोसा होना चाहिए कि उनके निवेश से जुड़े विवादों का निष्पक्ष, पारदर्शी और निश्चित तरीके से समाधान होगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सिंगापुर इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन सेंटर में 178 भारतीय पक्ष शामिल हुए, जिससे भारत इसका तीसरा सबसे बड़ा विदेशी उपयोगकर्ता बना। उन्होंने कहा, “भारत और सिंगापुर को केवल अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में सफल होने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए।”
सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त *डॉ. शिल्पक अंबुले* ने कौशल विकास, डिजिटल भुगतान, ऊर्जा, स्वास्थ्य और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की बढ़ती साझेदारी का उल्लेख किया।
आईसीए के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता *डॉ. एन.जी. खेतान* ने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था और व्यापारिक संबंध दोनों देशों के साझा कानूनी भविष्य के लिए जरूरी हैं।
आईसीए के महानिदेशक *अरुण चावला* ने कहा, “कारोबार को भरोसे की जरूरत है, निवेश के लिए निश्चितता जरूरी है और इन दोनों के लिए न्याय मिलने का आश्वासन आवश्यक है।”
संगोष्ठी में ‘बियॉन्ड लिटिगेशन: फ्रॉम कमर्शियल जस्टिस टू कमर्शियल कंटिन्यूटी’ और ‘द फ्यूचर ऑफ द लीगल प्रोफेशन: पर्सपेक्टिव्स फ्रॉम इंडिया एंड सिंगापुर’ विषयों पर पैनल चर्चा भी आयोजित की गई।




