रविवार से शुरू होगा दो दिवसीय पल्स पोलियो अभियान !
5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी 'दो बूँद ज़िन्दगी की' !
कोटपूतली-बहरोड़-
जिले में पल्स पोलियो अभियान के तहत आज रविवार से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को सरदार सीनियर स्कूल से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन रैली के माध्यम से गाँव-गाँव में जाकर लोगों को पोलियो टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि जिले में 1,57,000 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए रविवार को बूथ दिवस मनाया जाएगा, जिसमें 1,463 बूथों पर 2,926 टीमें तैनात रहेंगी।
हाई रिस्क एरिया पर रहेगा विशेष फोकस—
आरसीएचओ डॉ. अरविन्द अग्रवाल ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। बूथ स्टाफ और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया गया है। हाई रिस्क एरिया में अधिक से अधिक बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने पर जोर दिया गया है।
डोर-टू-डोर अभियान सोमवार को—
जिला नोडल अधिकारी रविकांत जांगिड़ ने जानकारी दी कि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर टीम गठित की गई है। यह टीम सभी ब्लॉक में अभियान की समीक्षा कर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करेगी। सोमवार को टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
जागरूकता रैली में शिक्षक मुकेश जाट, अरुण कुमार और वीरेंद्र सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पवन कुमार और महेंद्र कुमार उपस्थित रहे।




