देश के संविधान को कोई माई का लाल नहीं बदल सकता : डा रामदास आठवले
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के आरोपियों को सबक सिखाएगी पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार : डॉ. रामदास आठवले
डॉ. रामदास आठवले ने कुवि के सभागार में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में की शिरकत
बोले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हो रहा है हरियाणा का तीन गुणा विकास
अग्रिम वालिया
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री डॉ. रामदास आठवले ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत का संविधान लिखा। संविधान को कोई माई का लाल बदल नहीं सकता। जिसने भी संविधान बदलने की कोशिश की है, उसे मुंह की खानी पड़ी है। डॉ. अंबेडकर दलित समाज की जान है। आज देश के दलित, शोषितों, गरीब व अन्य वर्गों को जो अधिकार मिले हैं, वे संविधान की ही देन हैं। उन्होंने खुला ऐलान किया कि वे देश को किसी भी कीमत पर टूटने नहीं देंगे। वे शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आरपीआई द्वारा आयोजित भारत रत्न डा भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले केन्द्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डा.भीमराव अंबेडकर ने देश में भेदभाव को खत्म करने, जातिवाद को खत्म करने, पूरे देश को एकजुट करने और दलितों के हितों की लड़ाई लड़ी। इस देश को टूटने से बचने के लिए प्रयास किये। उन्होंने आरटीआई के पदाधिकारी से आह्वान किया कि वह डा. भीमराव अंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ते हुए युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों के लिए काम करें और गरीबों की मांगों को उठाए तथा स्वर्ण व दलित वर्ग को एक मंच पर जोडऩे के लिए काम करें।
उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देगी। अब आतंकवादियों और पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम करेंगी। सरकार ने अहम फैसला लेते हुए जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद देश ने पाकिस्तान का पानी बंद कर दिया। इस समय पाकिस्तान के अंदरूनी हालात बहुत खराब है, वहां की सरकार को भारत के साथ अच्छा संबंध बनाकर देश के विकास के लिए कार्य करना चाहिए था, लेकिन पाकिस्तान ऐसा ना करके लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। अब पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमला के बाद प्रधानमंत्री विदेश दौरे को छोडक़र वापस लौट आए और गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर का दौरा किया। इसके साथ ही सरकार ने अन्य दलों को अपने विश्वास में लेने के लिए बैठकें की हैं और उनसे सुझाव भी मांगे हैं। इन तमाम पहलुओं को जहन में रखकर पाकिस्तान को उसकी हरकत का जवाब दिया जाएगा। ऐसे समय पर देश की विपक्ष पार्टी को भी एकजुट होने का परिचय देना चाहिए। कश्मीर में चुनाव के दौरान आतंकवाद होने के बावजूद 60 प्रतिशत मतदान हुआ और वहां पर तिरंगा फहराया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि वे उनके अच्छे दोस्त है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाकर विकास के रास्ते खोले, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद 3 करोड़ टूरिस्ट भ्रमण के लिए पहुंचे। इससे जम्मू कश्मीर प्रगति की तरफ बढ़ा। इस मौके पर आरपीआई के प्रदेशाध्यक्ष रवि कुंडली, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, मनू सिब्बल, प्रीतम सिंह कोलेखां, प्रदेश मीडिया प्रभारी अश्वनी वालिया, सूरजभान नरवाल, संत गुरपाल दास, प्रो. डॉ. भगत सिंह रंगा, पूर्व विधायक संदीप वाल्मीकि, रामकुमार राहुल, महिपाल अमीन, धर्म सिंह क्रांति, प्रदीप कुमार इस्माईलाबाद, बलदेव रोहटी, गुरनाम गोगपुर, राजपाल, सूरजभान मेहरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




