बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई: भारत-बांग्लादेश सीमा पर करोड़ों के सोने के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार
अजित प्रसाद /नदिया (पश्चिम बंगाल): सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर बीएसएफ दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की 32वीं बटालियन के जवानों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले स्थित भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के बीओपी टुंगी इलाके में एक बांग्लादेशी सोना तस्कर को गिरफ्तार किया। ये सभी सोने की ईंटें छिपाकर सीमा पार कराने के दौरान तस्कर को रंगे हाथ पकड़ा गया। बरामद सोने का कुल वजन 2354.73 ग्राम है, जिसकी कीमत ₹3,05,99,716 आंकी गई है।
2 दिसंबर की शाम बीओपी टुंगी के जवानों को जानकारी मिली कि कुछ बांग्लादेशी तस्कर सोने की तस्करी कर भारत में प्रवेश करने वाले हैं। तत्क्षण सभी जवानों को अलर्ट कर विभिन्न संभावित रास्तों पर घेराबंदी की गई। शाम लगभग 5 बजे दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक झील के रास्ते भारत की ओर बढ़ते देखा गया.
अंबुश टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान एक तस्कर को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया और कई पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 20 सोने की ईंटें मिलीं। बीएसएफ ने तुरंत इन ईंटों को ज़ब्त कर लिया।
गिरफ्तार तस्कर को पूछताछ के लिए बीओपी टुंगी लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बांग्लादेश का निवासी है और कई दिनों से अवैध तस्करी में शामिल है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे आर्थिक लाभ के बदले सीमा पार सोना पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन उससे पहले ही बीएसएफ ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार तस्कर को बरामद सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।
इस सफल अभियान की सराहना करते हुए बीएसएफ दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध है।




