कोडीनार में गन्ना उत्पादन दोगुना करने की मुहिम, आईपीएल ने आयोजित की किसान कार्यशाला
नई दिल्ली। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की कोडीनार शुगर यूनिट ने टिकाऊ गन्ना खेती को बढ़ावा देने और उत्पादन दोगुना करने के उद्देश्य से ‘फार्मर वर्कशॉप ऑन सस्टेनेबल शुगरकेन कल्टीवेशन’ का आयोजन किया। करीब 350 प्रगतिशील किसानों ने कार्यशाला में भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी हासिल की।
मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया ने किसानों को आईपीएल के ’10 टीएस’ और ‘6आर’ मॉडल की जानकारी देते हुए उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती, समय पर बुवाई, पोषण प्रबंधन और जल संरक्षण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी का मूल मंत्र, हम खुश हैं आपकी खुशहाली में, है और किसानों को बेहतर तकनीक, बीज और कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए आईपीएल प्रतिबद्ध है।
कार्यशाला में जैन इरिगेशन सिस्टम्स ने ड्रिप सिंचाई से 40–60 प्रतिशत जल बचत और 20–40 प्रतिशत अधिक उत्पादन की जानकारी दी, जबकि यूपीएल सस्टेनेबल एग्री सॉल्यूशंस ने बीज उपचार, मृदा स्वास्थ्य, जल प्रबंधन और जेडईबीए यानी जेबा तकनीक के लाभ बताए।
प्रश्नोत्तर सत्र में किसानों ने आधुनिक कृषि यंत्र, उन्नत गन्ना बीज और जंगली सूअरों से फसलों की सुरक्षा की मांग रखी। आईपीएल ने आवश्यक कृषि यंत्र रियायती दरों पर उपलब्ध कराने तथा सोलर फेंसिंग के लिए सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। आईपीएल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से कोडीनार क्षेत्र में टिकाऊ कृषि, गन्ना उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।



