दिल्ली में बिहार कांग्रेस बचाओ अभियान, AICC मुख्यालय के बाहर सैकड़ों कांग्रेसजनों का प्रदर्शन
अजित प्रसाद / नई दिल्ली, 8 सितंबर 2026। बिहार कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को लेकर नाराज पूर्व विधायकों, पूर्व जिला अध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को AICC मुख्यालय, इंदिरा भवन के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित स्मारपत्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नाम सौंपा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं AICC सदस्य आनंद माधव ने कहा कि बिहार में लगातार संवाद और प्रयासों के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई, जिसके कारण उन्हें दिल्ली आकर अपनी आवाज उठानी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार कांग्रेस संगठन कमजोर हो रहा है और पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल रहा है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में राहुल गांधी से मुलाकात, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ जारी नोटिस व निष्कासन रद्द करना, बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार (राम) को पद से हटाना तथा संगठनात्मक नियुक्तियों में निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देना शामिल है।
AICC की ओर से मनीष छत्रत ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें स्मारपत्र सौंपा गया। आनंद माधव ने कहा कि उनका विरोध कांग्रेस पार्टी से नहीं, बल्कि बिहार में संगठन चलाने की वर्तमान कार्यशैली से है।


