मालदा के तृणमूल कांग्रेस पूर्व युवा ब्लॉक अध्यक्ष डकैती के साजिश में शामिलआरोप में गिरफ्तार
अजित प्रसाद/मालदा : पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पुलिस ने डकैती की साजिश रचने के आरोप में एक और स्थानीय टीएमसी नेता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गाजोल ब्लॉक के पूर्व युवा तृणमूल अध्यक्ष सुरजीत साहा के रूप में हुई है। सुरजीत पर इलाके में डकैती की एक कोशिश में सक्रिय रूप से जुड़े होने का गंभीर आरोप है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गाजोल थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डकैती की कोशिश के मामले में दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जब पुलिस हिरासत में लेकर उन दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की गई, तो उन्होंने इस पूरी साजिश के पीछे टीएमसी नेता सुरजीत साहा के नाम का खुलासा किया। आरोपियों के बयान और प्राथमिक सबूतों के आधार पर गाजोल थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरजीत साहा को गिरफ्तार कर लिया।दूसरी ओर, खुद पर लगे इन गंभीर आरोपों को लेकर आरोपी टीएमसी नेता सुरजीत साहा ने सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने मीडिया के सामने बयान देते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। फिलहाल, गाजोल थाना पुलिस इस मामले में शामिल अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी नेता से गहन पूछताछ कर रही है और उसे आज स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।


