विज्ञान प्रदर्शनी के हर मॉडल में झलकता नवाचार और मेहनत : डीएम
–
*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बाराबंकी के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी समझ से सबका मन मोह लिया। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) बाराबंकी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी ने छात्रों के मॉडल देखकर न केवल उनकी सराहना की बल्कि उनके आत्मविश्वास और जिज्ञासा को भविष्य की वैज्ञानिक सोच की बुनियाद बताया।
हर मॉडल में मेहनत और नवाचार का संगम” डीएम
डीएम शशांक त्रिपाठी ने कहा, “बच्चों के मॉडल को देखकर उनकी मेहनत और कला दोनों साफ दिखाई देती है। हर मॉडल में कुछ नया खोजने का प्रयास किया गया है, जिसके लिए छात्र और उनके शिक्षक दोनों ही सराहना के पात्र हैं।” उन्होंने मुस्कुराते हुए अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा, “मैंने भी अपने स्कूल समय में विज्ञान प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। असली सीख दूसरों के मॉडल को देखकर और समझकर मिलती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल प्रतिभा को पहचान देती हैं, बल्कि जिज्ञासा को विज्ञान में दिशा भी देती हैं।”
डीएम का स्वागत, मॉडलों का निरीक्षण और छात्रों से संवाद
मुख्य अतिथि के विद्यालय पहुंचने पर स्काउट गाइड की कलर पार्टी ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद डीएम ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्रों से उनके मॉडलों के बारे में सवाल पूछे। जूनियर वर्ग में 61 और सीनियर वर्ग में 24 मॉडलों की प्रस्तुति हुई। संशोधित बैसाखी, ब्लाइंड स्टिक, फ्लोटिंग हाउस, रेन डिटेक्टिव सिस्टम, फायर फाइटर रोबोट, इलेक्ट्रिक पोल जैसे कई नवाचारी मॉडल छात्रों ने प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर मुख्य अतिथि ने उनकी रचनात्मक सोच की सराहना की।
शिक्षकों और छात्रों ने दिखाया उत्साह
उद्घाटन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम, उप प्रधानाचार्य अरविंद प्रकाश त्रिपाठी सहित अनेक शिक्षकों ने डीएम का स्वागत किया। डीआईओएस ने बताया कि विद्यालय स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ मॉडलों को मण्डल स्तरीय प्रदर्शनी में भेजा जाएगा, ताकि वे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। कार्यक्रम के अंत में वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवाचार की मिसाल बनी प्रदर्शनी
विज्ञान प्रदर्शनी का मूल्यांकन डॉ. संतोष कुमार (राजकीय डिग्री कॉलेज, हसौर), जहीर अहमद, आनंद कुमार यादव और शिखा साहू (डायट गणेशपुर) ने किया। कार्यक्रम में डीसी समग्र शिक्षा अखिलेन्द्र सिंह, डॉ. राहुल सिंह सूर्यवंशी, गुरुदयाल, अनीश कुमार, त्रिलोकीनाथ यादव, डॉ. सुविद्या वत्स, डॉ रेनू शुक्ला, गौतम चौधरी, नीलम देवी, राजलक्ष्मी सिंह और अन्य शिक्षकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन नेशनल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।




