फैक्ट्री से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार: गिरिराज सिंह

बिहार में औद्योगिक विकास की नई शुरुआत, बेगूसराय में आदित्य बिरला फैशन रिटेल फैक्ट्री का उद्घाटन

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो । बिहार के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। शुक्रवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय के असुरारी स्थित औद्योगिक ग्रोथ सेंटर में आदित्य बिरला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड की अत्याधुनिक परिधान फैक्ट्री का उद्घाटन किया। यह फैक्ट्री बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान लगभग 96,000 वर्ग फीट जमीन पर स्थापित की गई है। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक सुनील बजाज, मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष दीक्षित, विधायक राजकुमार, विधान परिषद सदस्य सर्वेश सिंह, जिलाधिकारी तुषार सिंगला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि इस फैक्ट्री की स्थापना से बिहार में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार में औद्योगिक विकास को गति देगी और स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगी। आदित्य बिरला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड के निदेशक सुनील बजाज ने कहा कि यह फैक्ट्री बिहार में कंपनी की 30 वर्षों बाद पहली औद्योगिक इकाई है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में 90 फीसदी रोजगार महिलाओं को प्रदान किया जाएगा। यह कदम सामाजिक समावेशन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। कंपनी ने फैक्ट्री संचालन में आधुनिक तकनीक के उपयोग और कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए निफ्ट पटना के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और तकनीकी नवाचार से उत्पादन की गुणवत्ता और दक्षता को और बेहतर किया जाएगा। इस परियोजना में करीब 35 करोड़ का निवेश किया गया है। बियाडा द्वारा भूमि आवंटन और सरकार के सहयोग से स्थापित यह फैक्ट्री न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल देगी, बल्कि बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी। जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं बिहार को औद्योगिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू जिला अध्यक्ष रुदल राय, लोजपा जिला अध्यक्ष प्रेम पासवान, हम पार्टी के जिला अध्यक्ष पीयूष कुमार, रालोसपा के जिला अध्यक्ष अनिल सिंह, जीविका दीदी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button