दर्शन पुरवा में साथियों समेत हिस्ट्रीशीटरों का आतंक,युवक को पीटा
सुनील बाजपेई
कानपुर। यहां फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शन पुरवा में आजकल दो हिस्ट्रीशीटरों और उनके साथियों का आतंक व्याप्त है। स्थानीय दुकानदारों और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर सोनू शर्मा उर्फ श्रवण कुमार और उसका रिश्तेदार बताए जाने वाला हिस्ट्रीशीटर अरुण कुमार अन्ना दुकानदारों को धमका कर जबरन उगाही का शिकार बनाते हैं। और इन दोनों का आतंक भी इतना अधिक बताया जाता है कि कोई भी दुकानदार उनके खिलाफ पुलिस से शिकायत करने का साहत भी नहीं करता।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दर्शन पूरवा क्षेत्र में आतंक का कारण बने हिस्ट्री शीटर और उनके साथी महिलाओं के साथ छेड़खानी करने तक से नहीं चूकते। पीड़ित लोगों का आरोप है कि ये दबंग विरोध करने वालों के साथ मारपीट भी करते हैं। इसी क्रम में हिस्ट्रीशीटर के भाई बताए जाने वाले हरिओम शर्मा ने दीपू नामक युवक से जमकर मारपीट की, उस पर अपने परिवार की महिलाओं के साथ भी कई बार मारपीट करने का आरोप भी लग चुका है । फिलहाल युवक से मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने उसे हिरासत में भी लिया। यह घटना दर्शन पूरवा सब्जी मंडी की बताई गई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।




