“100 दोषी छूट जाएं, पर एक बेगुनाह को सजा न मिले” – सोहसा छवघरिया कांड में निष्पक्ष जांच की मांग तेज

 

_रमेश ठाकुर – रामनगर पश्चिम चंपारण_
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोहसा छवघरिया में 28 फरवरी 2026 को हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस जांच अभी भी जारी है। इस मामले में जहां दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, वहीं परिजनों एवं ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि “कानून कहता है भले ही 100 दोषी छूट जाएं, लेकिन एक भी बेगुनाह को सजा नहीं मिलनी चाहिए”, ऐसे में क्या इस प्रकरण में सभी नामजद वास्तव में दोषी हैं या फिर किसी व्यक्तिगत रंजिश में निर्दोष लोगों को भी फंसाया गया है?

ज्ञात हो कि 28 फरवरी की शाम लगभग 5:50 बजे आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक व्यक्ति की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में रामनगर थाना में कांड संख्या 140/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में विजय साह, विनय कुमार गोंड, जोगेंद्र साह, राजकुमार गोंड, बब्लू कुमार एवं नितिश कुमार को नामजद किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामनगर के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक विनय कुमार गोंड एवं राजकुमार गोंड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी है।

इधर, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय मुख्य रूप से एक ही व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस को निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को कानून की आड़ में दंडित न होना पड़े।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की प्रत्येक पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी चाहे जितना प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा, वहीं किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रामनगर क्षेत्र पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। कुछ वर्ष पूर्व इसी इलाके में राजद नेता फकरुद्दीन खान की दिनदहाड़े हत्या ने क्षेत्र को दहला दिया था। ऐसे में वर्तमान प्रकरण को लेकर भी लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

फिलहाल, बगहा पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button