पश्चिम चंपारण के लछनौता में अग्निकांड: कई किसानों की मेहनत जलकर हुई राख

 

_रमेश ठाकुर के साथ अजय कुमार दुबे भारद्वाज- पश्चिम चंपारण_ गौनाहा प्रखंड के लछनौता गांव स्थित उत्तर स्कूल से पूरब सरेह में रविवार दोपहर लगभग 1 बजे बड़ा अग्निकांड होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार किसान मनोज पंडित अपने खेत में धान का पुआल जला रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण आग अचानक गन्ने के खेतों तक फैल गई और देखते ही देखते कई किसानों का हरा-भरा गन्ना फसल आग की लपटों में जलकर राख हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग की चपेट में आने से शिवनाथ साह का 10 कठा, जवाहिर महतो का 8 कठा, पथल महतो का 8 कठा, शेषनाथ साह का 3 कठा, कृष्णा यादव का 16 कठा, दीपक यादव का 5 कठा, उपेंद्र यादव का 15 कठा, उमेश यादव का 15 कठा तथा देवानंद कुमार कुशवाहा का 4 कठा गन्ना फसल पूरी तरह नष्ट हो गया। अचानक लगी आग से किसानों की पूरे साल की मेहनत एक पल में स्वाहा हो गई, जिससे क्षेत्र में मायूसी व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही गौनाहा अग्निशमन विभाग की गाड़ी एवं 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन खेतों का रास्ता संकरा एवं गीला होने के कारण वाहन वहां तक नहीं जा सके। मजबूरी में वाहन को बीच रास्ते से ही लौटाना पड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से पानी, मिट्टी और हरे पेड़ों की डालियों का उपयोग कर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दूसरी ओर नरकटियागंज स्थित स्वदेशी शुगर मिल के एरिया इंचार्ज विनोद कुमार पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और किसानों के नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों का मुआवजा जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि इतनी बड़ी क्षति से किसानों की आर्थिक स्थिति डगमगा गई है।

स्थानीय लोगों ने अपील की है कि खेतों में पुआल जलाते समय सावधानी बरती जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button