छोटे साहिबज़ादों के शहीदी पर्व और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की तिथि पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग
कानपुर, शुक्रवार। श्री गुरु सिंह सभा कानपुर के प्रचार मंत्री और सन्त लोंगोवाल फाउंडेशन के अध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह लोंगोवाल ने छोटे साहिबज़ादों के शहीदी पर्व और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की तिथि पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर के प्रधान एडवोकेट सरदार हरजिंदर सिंह धामी से की है।
सरदार हरमिंदर सिंह लोंगोवाल ने एक बयान जारी कर बताया कि इस वर्ष श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबज़ादों बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी का शहीदी पूरब और दशमेष पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का पावन प्रकाश पूरब एक ही दिन 27/12/2025 को आ रहा है जिसे लेकर पूरे सिख पंथ में गंभीर उलझन और मानसिक दुविधा पाई जा रही है। जहां एक तरफ अगाध प्रेम और श्रद्धा के साथ हर वर्ष छोटे साहिबज़ादों का शहीदी पूरब मनाया जाता है वहीं दूसरी तरफ श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व भी संगत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती है। दोनों ही महान और पवित्र पर्व एक ही दिन पड़ने के कारण समाज के लिए निर्णय लेना अत्यंत कठिन हो गया है।
सरदार हरमिंदर सिंह लोंगोवाल ने श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर के प्रधान एडवोकेट सरदार हरजिंदर सिंह धामी को एक पत्र भेज कर इस संवेदनशील विषय पर अविलंब निर्णय लिए जाने का निवेदन किया है, पत्र में कहा गया है कि कानपुर की संगत श्री अकाल तख्त और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर के द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार ही सभी धार्मिक आयोजन करती है इसलिए संगत की सुविधा के लिए तिथियों पर शीघ्र निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है। पत्र में यह सुझाव भी दिया गया है कि यदि संभव हो तो प्रकाश पूरब की तिथि को सदैव के लिए 5 जनवरी करने पर भी विचार किया जाना चाहिए ताकि तिथि टकराव की असहज स्थिति से बचा जा सके। पत्र में तिथि मामले पर जल्द से जल्द निर्णय लेने का निवेदन किया गया है ताकि संगत को इस असमंजस की स्थिति से मुक्त किया जा सके।



