एकता कपूर के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में पहली बार साथ दिखेंगे गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या, 24 नवंबर को होगा प्रीमियर

 

मुंबई, नवंबर 2026: गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के नए शो को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है! बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस में दोनों कलाकारों की झलक दिखाकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद, स्टार प्लस ने अपने बहुप्रतीक्षित शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ की प्रीमियर डेट का ऐलान कर दिया है। एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे। ‘अनुपमा’ और ‘कुंडली भाग्य’ जैसे लोकप्रिय शोज के बाद दोनों कलाकार इस नए शो के जरिए एक बार फिर डेली फिक्शन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। ‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रीमियर 24 नवंबर को स्टार प्लस पर होगा।
शो के लॉन्च को और भी खास बनाते हुए स्टार प्लस ने ‘दिल की बेवफाइयाँ’ के नौ पोस्टर्स एक साथ जारी किए हैं। टेलीविजन शो के प्रमोशन में अपनी तरह की इस पहली पहल के जरिए दर्शकों को शो की दुनिया की पहली झलक देखने को मिली है। इन नौ पोस्टर्स ने शो के किरदारों, उनके आपसी रिश्तों और कहानी में आने वाले उतार-चढ़ाव को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
गौरव और श्रद्धा की नई जोड़ी को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एकता कपूर ने कहा, “दोनों कलाकारों को दर्शकों से हमेशा भरपूर प्यार मिला है और मैं लंबे समय से चाहती थी कि ये दोनों एक साथ स्क्रीन पर नजर आएं। अब जब आखिरकार ऐसा होने जा रहा है, तो मैं बेहद उत्साहित हूं, थोड़ी नर्वस भी हूं और अभी से सोच रही हूं कि दर्शक इन दोनों को एक साथ देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे!”
एकता कपूर के साथ काम करने और स्टार प्लस पर वापसी को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए गौरव खन्ना ने कहा, “मेरे फैंस मुझसे लगातार पूछ रहे थे कि हम आपको नए शो में कब देखेंगे? और अब मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि ‘GK इज बैक!’ मेरे फैंस का प्यार और उनका इंतजार मेरी इस वापसी को और भी खास बनाता है। स्टार प्लस पर एक नए शो के साथ लौटना और एकता कपूर के साथ काम करना, मेरे लिए इस नए सफर की एक शानदार शुरुआत है। इस दिवाली मैं इससे ज्यादा और क्या मांग सकता था! सच में ऐसा लग रहा है जैसे सब कुछ सही समय पर हो रहा है। अभी के लिए बस इतना कह सकता हूं कि श्रद्धा और मैं कुछ नया लेकर आ रहे हैं। बाकी राज धीरे-धीरे खुलेंगे… तब तक शो को लेकर अंदाजा लगाते रहिए और हम पर अपना प्यार बरसाते रहिए!”
यह शो दोनों कलाकारों के लिए एक खास प्रोजेक्ट है। जहां श्रद्धा आर्या ‘कुंडली भाग्य’ के साथ लंबे जुड़ाव के बाद एक बार फिर बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ काम कर रही हैं, वहीं गौरव खन्ना पहली बार एकता कपूर के साथ किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं। हाल ही में दोनों कलाकारों ने शो की शुरुआत से पहले आयोजित पूजा में भी हिस्सा लिया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे। गौरव और श्रद्धा की नई जोड़ी, शो की प्रीमियर डेट के ऐलान और नौ पोस्टर्स के अनोखे लॉन्च ने ‘दिल की बेवफाइयाँ’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रीमियर 24 नवंबर को स्टार प्लस पर होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button