टाटा पावर-डीडीएल द्वारा “समावेश 2026” के माध्यम से सौर जागरूकता को बढ़ावा

महिला सशक्तिकरण से सशक्त समाज, स्वच्छ ऊर्जा से उज्ज्वल भविष्य

 

टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने सतत विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए “समावेश: महिला सौर उपभोक्ता कार्निवल – 2026” का सफल आयोजन एमआर ग्लोबल स्कूल, बवाना, दिल्ली में 19 मार्च 2026 को किया। यह कार्यक्रम ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने में महिलाओं की प्रेरणादायक भूमिका को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस आयोजन में टाटा पावर-डीडीएल के ग्रामीण क्षेत्रों के 30 से अधिक गांवों से 350 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो जमीनी स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राहुल कुमार, महाप्रबंधक, टाटा पावर-डीडीएल ने की। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें सुश्री अंजू अमन डबास (पार्षद, पूठ खुर्द), सुश्री फिज़ा (माननीय कैबिनेट मंत्री श्री रविंद्र इंदराज सिंह की सुपुत्री), सुश्री रेखा सिन्हा (पूर्व पार्षद, झरोदा-बुराड़ी), सुश्री रुचिका राणा (प्रधानाचार्य, एमआर ग्लोबल स्कूल), बहन चंद्रिका (ब्रह्माकुमारी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली), सुश्री ज्योति कौर (सेलिब्रिटी डांसर एवं कोरियोग्राफर), डॉ. दीपिका कटारिया (एमबीबीएस, एमडी – सामुदायिक चिकित्सा) सहित अन्य विशिष्टजन शामिल रहे। इसके अतिरिक्त श्री विनोद सहरावत (अध्यक्ष, किसान मोर्चा दिल्ली), श्री सत्यवान सहरावत (कृषि रत्न पुरस्कार विजेता एवं प्रसिद्ध जैविक किसान), श्री रवि सहरावत (चेयरमैन, एमआरजीएस) एवं टाटा पावर-डीडीएल के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नवरात्रि एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस माह के उपलक्ष्य में टाटा पावर-डीडीएल ने 125 से अधिक महिला सौर उपभोक्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही, 250 से अधिक महिलाओं ने अपने-अपने गांवों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके प्रसार हेतु संकल्प लिया।
इसके अतिरिक्त, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, सामाजिक सेवा और ऊर्जा संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 70 बालिकाओं एवं महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जो महिला नेतृत्व की व्यापक प्रभावशीलता को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान सौर जागरूकता सत्रों के साथ-साथ चित्रकला प्रतियोगिता, दौड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों जैसी विभिन्न रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें लगभग 150 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इन गतिविधियों ने महिला सशक्तिकरण और स्वच्छ ऊर्जा के संदेश को और सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां टाटा पावर-डीडीएल ने सभी प्रतिभागियों, सामुदायिक नेताओं, युवाओं एवं स्थानीय प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल संगठन की उस निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके माध्यम से वह समुदायों को सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर सतत ऊर्जा समाधान को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button