पश्चिम चंपारण के गौनाहा में हल्की बारिश से मुख्य सड़क बनी कीचड़मय, बढ़ा हादसे का खतरा

 

_रमेश ठाकुर के साथ मेराज आलम- गौनाहा पश्चिम चंपारण_ गौनाहा प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने ग्रामीण इलाकों की सड़कों की स्थिति बदहाल कर दी है। बेलसण्डी पंचायत के टिकुल टोला गांव (वार्ड संख्या 07/08) सहित कई प्रमुख मार्गों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आमजन का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद बेलसण्डी से नरकटियागंज जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी भर गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई। अब जैसे-जैसे पानी सूख रहा है, सड़क पर गहरा कीचड़ बन गया है, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। आए दिन राहगीरों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण महबूब आलम ने बताया कि बेलसण्डी चौक से टिकुल टोला नदी तक कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है। हल्की बारिश में ही आवागमन बाधित हो जाता है, जबकि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

वहीं, आरफीन शाह ने कहा कि टिकुल टोला गांव में जल निकासी की व्यवस्था बेहद कमजोर है। मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर नालियों का निर्माण आवश्यक है, ताकि जलजमाव से स्थायी राहत मिल सके।मौके पर फिरोज आलम, हसनैन आलम, समाजसेवी बृजेश महतो, अंजुम आरा खातून, मारूफ साईं, सहजहां खातून, अजय कुमार और आजाद आलम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र पहल कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button