मालदा में टूटा बांध, आवासीय इलाकों में घुसा पानी; विधायक गौरचंद्र मंडल ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
अजित प्रसाद/मालदा। जिले के मानिकचक विधानसभा क्षेत्र के भूतनी केसरपुर इलाके में गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बांध टूटने से अचानक पानी आवासीय क्षेत्रों में घुस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। बांध टूटने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल सक्रिय हुए। वहीं, मानिकचक के विधायक गौरचंद्र मंडल भी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर बांध की स्थिति का जायजा लिया और पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासन के सहयोग से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बांध टूटने के बाद पानी तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगा। स्थिति को नियंत्रित करने और पानी के बहाव को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर रेत से भरी बोरियां डालने का काम शुरू किया गया। साथ ही बांध के कमजोर हिस्सों को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों की मदद से पानी रोकने के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद केसरपुर और आसपास के इलाकों के लोगों में अपनी सुरक्षा और घरों में घुसे पानी को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा के कटाव और बांध की कमजोर स्थिति के कारण क्षेत्र में पहले से ही खतरा बना हुआ था। अचानक बांध टूटने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
निरीक्षण के दौरान विधायक गौरचंद्र मंडल ने कहा कि लोगों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने गंगा के कटाव को रोकने और बांध की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने बताया कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए प्रशासन के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बांध को सुरक्षित करने और पानी के फैलाव को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन की सक्रियता से राहत और बचाव का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विधायक गौरचंद्र मंडल ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे भूतनी के लोगों के साथ पहले भी खड़े थे, आज भी खड़े हैं और आगे भी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी।




