शेखपुरा में कार से 1032 कैन बीयर बरामद
शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार चल रहा अभियान
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। शेखपुरा जिले के करंडे थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लहना गांव के पास एक एक्सयूवी गाड़ी से 1032 कैन बीयर बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को देखकर एक्सयूवी चालक तेज रफ्तार में लहना गांव की ओर भागने लगा। पुलिस ने जब पीछा किया तो कुछ दूर जाने के बाद वाहन का टायर फट गया। इसके बाद चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने जब एक्सयूवी की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की खेप बरामद हुई। गिनती के दौरान वाहन से कुल 1032 कैन बीयर जब्त की गई। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। करंडे थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शराब की खेप को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंचाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल शराब कारोबारियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


