कानपुर में प्यार बना मौत , किन्नर की भाई समेत हत्या : तीन के खिलाफ रिपोर्ट
सुनील बाजपेई
कानपुर। एक युवक से प्यार यहां किन्नर की मुहबोले भाई समेत हत्या का कारण बन गया। घटना में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस तीन लोगों की तलाश कर रही है ,जिसमें किन्नर काजल का प्रेमी भी शामिल बताया गया है।
इस घटना की जानकारी तब हुई जब 4 दिन से फोन नहीं उठाने पर उसके माता-पिता और बहन उसके किराए के आवास पर पहुंचे, जहां किन्नर का शव दीवान में ठूंसा मिला, जबकि उसके भाई का शव जमीन पर पड़ा था।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रेम-प्रसंग में घटना को अंजाम दिया गया।
शहर के किन्नरों में भी दहशत का कारण बना पूरा मामला हनुमंत विहार के खाड़ेपुर का है। यहां मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव की रहने वाली गुड्डी ने बताया कि 25 साल की बेटी काजल किन्नर है। मैंने अपने भाई के बेटे देव (12) को गोद लिया था। काजल कानपुर में रहती थी।
मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि शिवानी उसकी गुरु है। एक महीने पहले ही काजल ने रिटायर्ड फौजी अभिमन्यु के मकान में किराए पर कमरा लिया, जिसके बाद देव को अपने पास पढ़ाने के लिए बुला यहां उसका एडमिशन कक्षा 6 में करवाया। मौके पर पहुंची पुलिस को काजल का आईफोन भी गायब मिला। पुलिस ने बताया परिजनों ने आलोक उर्फ गोलू शर्मा और हेमराज उर्फ अजय सविता पर दोनों की हत्या का आरोप लगाया है। जिस पर रिपोर्ट दर्जकर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


