प्रेम विवाह का खूनी अंत : विवाहिता की हत्या
-पति को छोड़ जिससे की शादी, उसी ने मार डाला
-दो माह के बच्चे के सिर से उठा मां का साया
भारत पोस्ट संवाददाता
हापुड़। पिलखुवा के पबला रोड स्थित आसरा आवासीय कॉलोनी में मंगलवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना ने इलाके को दहला दिया। एक विवाहिता की उसके ही पति ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घर से आ रहे शोर.शराबे के बाद जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को घर से बरामद किया और प्रारंभिक जांच में चुनरी से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारए मृतका की पहचान 30 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोदीनगर की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि सीमा पहले से शादीशुदा थी, लेकिन करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसका नौरंगपुरी निवासी अमन के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसके बाद सीमा अपने पहले पति को छोड़कर अमन के साथ चली गई और दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया। दंपती का एक दो माह का बच्चा भी है। अमन पेशे से बिजली मैकेनिक का काम करता है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि पिछले कुछ समय से पति.पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन और मतभेद चल रहे थे। माना जा रहा है कि इन्हीं घरेलू कलह के चलते अमन ने खौफनाक कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी अमन की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त की गई चुनरी को भी बरामद कर लिया है, जिससे कथित तौर पर सीमा का गला घोंटा गया था।
घटनास्थल पर मृतका सीमा के मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे, जिनमें उसके पिता मोनी, माता रितिका, बहन शालू और स्वाति शामिल थे। सभी का रो.रोकर बुरा हाल था। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला का शव घर से बरामद हुआ है। पति अमन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी और उसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




