डीआईजी के सख्त रुख से रामनगर थाने में मचा हड़कंप, थानाध्यक्ष पर कार्रवाई

 

रमेश ठाकुर – रामनगर पश्चिम चंपारण, बिहार रामनगर थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार के विरुद्ध लंबे समय से मिल रही शिकायतों, उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों तथा उच्चाधिकारियों के संज्ञान के बाद आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। सूत्रों के अनुसार आम जनता एवं पत्रकारों द्वारा पुलिस अधीक्षक बगहा और आरक्षी उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को समय-समय पर दीपक कुमार के खिलाफ कई शिकायतें और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध कराए गए थे।

जानकारी के मुताबिक बिहार के पुलिस महानिदेशक को भी इस संबंध में कई लिखित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए आरक्षी उप महानिरीक्षक हरिकिशोर राय ने सख्त कदम उठाया है।

सूत्रों का यह भी दावा है कि गत 2 मई को डीआईजी के जनता दरबार में रामनगर थाना क्षेत्र से जुड़ा एक मामला पहुंचा था, जिसमें

सब-इंस्पेक्टर अखिलेश राय पर एक व्यक्ति से रिश्वत लेने की शिकायत की गई थी। बताया जाता है कि उक्त मामले की जानकारी भी पहले से अधिकारियों के संज्ञान में थी और इसकी जांच की जा रही थी।

इसके अलावा, एक वरिष्ठ पत्रकार के अपहरण प्रकरण में संलिप्त मुख्य आरोपी को संरक्षण दिए जाने संबंधी सूचनाओं के आलोक में भी पुलिस मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया था।

क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के बीच लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों और आरोपों के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने से कई तरह के सवाल उठ रहे थे। हालांकि ताजा प्रशासनिक कदम के बाद यह संदेश गया है कि शिकायतों और साक्ष्यों को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल संबंधित मामलों की जांच और विभागीय प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button